Sunday 6th of October 2024

भाजपा ने पिता की जगह बेटे पर खेला दांव, जानें कौन हैं बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण सिंह

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Naveen Negi  |  May 02nd 2024 07:13 PM  |  Updated: May 02nd 2024 07:14 PM

भाजपा ने पिता की जगह बेटे पर खेला दांव, जानें कौन हैं बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण सिंह

नई दिल्ली। भाजपा ने उत्तर प्रदेश की कैसरगंज सीट से मौजूदा सांसद बृजभूषण शरण सिंह का टिकट काट दिया है। पार्टी ने उनकी जगह उनके बेटे करण सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया है।

महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद से बृजभूषण की उम्मीदवारी को लेकर सवाल उठ रहे थे। उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था।

इसके बाद से उनका टिकट कटना तय माना जा रहा था और कयास ये भी लगाए जा रहे थे कि पार्टी बृजभूषण के बेटे करण को टिकट दे सकती है और ये दावे सही साबित हुए हैं। आखिरकार भाजपा ने इस बार पिता की जगह बेटे पर दांव खेला है। 

कैसरगंज सीट से अपनी उम्मीदवारी पर भाजपा नेता करण भूषण सिंह ने कहा, "मैं भारतीय जनता पार्टी को धन्यवाद करना चाहता हूं और कैसरगंज की जनता...समस्त भाई-बहनों को भी धन्यवाद प्रकट करता हूं।"

कौन हैं करण भूषण सिंह?

13 दिसंबर, 1990 को जन्मे करण भूषण सिंह ने डबल ट्रैप शूटिंग में राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की। उनकी एक बेटी और एक बेटा है। करण ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) और कानून की पढ़ाई पूरी की। 

उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में बिजनेस मैनेजमेंट में डिप्लोमा भी किया है।करण सिंह वर्तमान में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष हैं। इससे पहले वह उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। 

बता दें, कैसरगंज में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा। करण सिंह 3 मई को कैसरगंज से अपना नामांकन दाखिल कर सकते हैं।

PTC NETWORK
© 2024 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network