Monday 30th of September 2024

हरियाणा में AAP की 5 गारंटी, सुनीता केजरीवाल ने की विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Rahul Rana  |  July 20th 2024 07:32 PM  |  Updated: July 20th 2024 07:32 PM

हरियाणा में AAP की 5 गारंटी, सुनीता केजरीवाल ने की विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत

ब्यूरो: दिल्ली और पंजाब में अपनी सरकार बनाने के बाद आम आदमी पार्टी की निगाह हरियाणा के विधानसभा चुनाव पर है। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शनिवार को हरियाणा के लोगों के लिए केजरीवाल की पांच गारंटियों को लांच किया। 

पति अरविंद केजरीवाल के जेल में होने के कारण उनकी पत्नी ने हरियाणा में पार्टी की जीत की जिम्मेदारी संभाली है। हरियाणा के पंचकूला में टाउनहॉल मीटिंग में "केजरीवाल की गारंटी" की घोषणा की। उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) संदीप पाठक और राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी थे। आप ने मुफ्त और 24 घंटे बिजली, मुफ्त इलाज, मुफ्त शिक्षा, सभी माताओं और बहनों को 1,000 रुपये प्रति माह और हर युवा को रोजगार देने का वादा किया है।

सुनीता केजरीवाल ने कहा, "...कोई सपने में भी नहीं सोच सकता था कि यह लड़का (अरविंद केजरीवाल) देश की राजधानी पर राज करेगा। यह कोई छोटी बात नहीं है, यह किसी चमत्कार से कम नहीं है...मुझे लगता है कि भगवान जरूर चाहते हैं कि वह कुछ करें...अरविंद जी ने शून्य से शुरुआत की, अपनी पार्टी बनाई और दिल्ली के सीएम बने..."

आपको बता दें कि दिल्ली के सीएम, जो AAP के राष्ट्रीय संयोजक भी हैं, वर्तमान में आबकारी नीति से संबंधित मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।

AAP अकेले लड़ेगी चुनाव 

AAP ने कहा कि वह हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जहां लोग "बदलाव" चाहते हैं और इसे बड़ी उम्मीद से देख रहे हैं। AAP ने कहा कि वह 20 जुलाई को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गारंटियों की घोषणा करेगी। हरियाणा विधानसभा चुनाव इस साल के अंत में होने हैं। AAP नेता संजय सिंह ने कहा कि AAP हरियाणा विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ेगी। राज्यसभा सांसद ने कहा, "आप सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।" इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, वरिष्ठ आप नेता संदीप पाठक और अनुराग ढांडा तथा पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष सुशील गुप्ता भी मौजूद थे।

PTC NETWORK
© 2024 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network