Monday 30th of September 2024

PM मोदी के मिशन को गति दे रहा दाती कन्या भ्रूण संरक्षण अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम जारी

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Rahul Rana  |  July 09th 2024 10:48 AM  |  Updated: July 09th 2024 04:17 PM

PM मोदी के मिशन को गति दे रहा दाती कन्या भ्रूण संरक्षण अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ मुहिम जारी

ब्यूरो: राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, बिहार, गुजरात और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के संवाहक बने परमहंस दाती जी महाराज के सानिध्य में इस साल 10 जुलाई को 28वां दाती कन्या भ्रूण संरक्षण दिवस मनाया जाएगा। हरियाणा सरकार की ओर से साल 2016 में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने राज्य स्तर पर कन्या भ्रूण संरक्षण दिवस मनाने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, प्रदेश सरकार और संत समाज के प्रयासों से हरियाणा में लिंग अनुपात सुधरकर एक हजार लड़कों पर 931 लड़कियों तक पहुंच चुका है, जिसे 950 पर ले जाने का लक्ष्य है। 

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे देश में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत हरियाणा के पानीपत से की थी, जिसके बाद सभी राज्य सरकारों ने इस अभियान को मिशन के रूप में चलाया। महा मंडलेश्वर स्वामी निजस्वरूपानंद जी (दाती महाराज) पिछले कई सालों से कन्या भ्रूण हत्या रोकने तथा बेटियों की पढ़ाई लिखाई, उनके पोषण तथा विवाह के लिए अभियान चलाए हुए हैं। अभी तक करीब 10 हजार लड़कियों के विवाह दाती महाराज करवा चुके हैं। उनके दो ही मिशन हैं, गायों की सेवा और संरक्षा तथा बेटियों का संरक्षण और उनकी पढ़ाई लिखाई के बाद उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करना। 

दाती महाराज की इस मुहिम पर राजस्थान सरकार ने एक योजना भी आरंभ कर रखी है। साल 2016 में नई दिल्ली के असोला फतेहपुर स्थित श्रीशनिधाम में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल गए थे, जहां उन्होंने दाती महाराज के कन्या भ्रूण संरक्षण अभियान की सराहना करते हुए इसे अपने राज्य में हर साल आयोजित करने की घोषणा की थी। दाती महाराज के प्रयासों की ही देन है कि अब पूरे देश में कन्या भ्रूण हत्या काफी हद तक कम हुई है तथा लड़कियों के प्रति परिवारों व लोगों का समान बढ़ने के साथ ही उनकी शिक्षा को लेकर जागरूकता पैदा हुई है। 

श्रीशनिधाम असोला के पीठाधीश्वर के रूप में दाती जी महाराज के अतुलनी समाजसेवा के कार्य हैं। उन्हें अयोध्या में श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भी शामिल होने का अवसर मिला था। धाम के प्रवक्ता अशोक कुमार ने बताया कि 28वां दाती कन्या भ्रूण संरक्षण दिवस 10 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा। यह सभी राज्यों में मनेगा, लेकिन मुख्य कार्यक्रम दिल्ली में होगा। उन्होंने बताया कि पिछले 27 वर्षों से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का अभियान चलाने वाले परमहंस दाती जी महाराज का जन्मोत्सव दाती कन्या भ्रूण संरक्षण दिवस को समर्पित है। इस आयोजन पूरे देश में मनेगा।

PTC NETWORK
© 2024 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network