Tuesday 9th of July 2024

Himachal Weather Update: मैदानी इलाकों के साथ तपने लगे पहाड़, 24 मई तक हीट वेव का येलो अलर्ट

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  May 20th 2024 02:57 PM  |  Updated: May 20th 2024 02:57 PM

Himachal Weather Update: मैदानी इलाकों के साथ तपने लगे पहाड़, 24 मई तक हीट वेव का येलो अलर्ट

ब्यूरोः मैदानी इलाकों में पड़ रही प्रचंड गर्मी से बचने के लिए लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं, लेकिन पहाड़ भी तपने लगे हैं। प्रदेश के कई हिस्सों में लू चल रही है और गर्मी से लोग बेहाल हैं। रविवार को शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, धर्मशाला, ऊना, सोलन, कांगड़ा, मंडी और बिलासपुर में लू चली। इसको लेकर मौसम विभाग ने 24 मई तक लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 

रविवार को ऊना में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री रहा है, जो कि अब तक के मौसम का प्रदेशभर में सर्वाधिक तापमान है। राजधानी शिमला में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री रहा है। हालांकि बीती 18 मई को सीजन का सबसे ज्यादा 30 डिग्री पहुंच गया था। 

प्रदेश में हीट वेव का येलो अलर्ट जारीः वैज्ञानिक 

मौसम विभाग के वैज्ञानिक संदीप कुमार ने कहा कि आगामी 4 दिनों में लोगों की परेशानियां और बढ़ेंगी। शुक्रवार तक 4 दिनों में प्रदेश में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसमें ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा व शिमला जिलों में कई जगहों पर लू चलने की संभावनाएं हैं। 

इन जिलों में चलेगी लू 

खासतौर पर ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन के नालागढ़, बद्दी व परवाणू, सिरमौर जिला के धौलाकुआं व पांवटा साहिब व कांगड़ा जिले के गग्गल, नूरपुर, इंदौरा, फतेहपुर, देहरा, जसवां और इसके साथ लगते क्षेत्रों में लू चलने की अधिक संभावनाएं हैं।

PTC NETWORK
© 2024 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network