Monday 30th of September 2024

पानी के लिए अनशन पर बैठी आतिशी की बिगड़ी तबीयत, LNJP में भर्ती

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Rahul Rana  |  June 25th 2024 01:23 PM  |  Updated: June 25th 2024 01:23 PM

पानी के लिए अनशन पर बैठी आतिशी की बिगड़ी तबीयत, LNJP में भर्ती

ब्यूरो: दिल्ली की जल मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी आतिशी का शुगर लेवल बहुत नीचे गिर गया था। मंत्री आतिशी पानी की समस्या को लेकर हरियाणा सरकार के खिलाफ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठीं थी। मंगलवार की सुबह तबीयत बिगड़ने पर आतिशी को एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया।

‘एक्स’पर पोस्ट कर दी जानकारी 

आम आदमी पार्टी ने‘एक्स’पर एक पोस्ट कर बताया कि मंत्री को एलएनजेपी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पार्टी ने कहा कि ‘‘जल संसाधन मंत्री आतिशी की तबीयत बिगड़ी। उनका शुगर लेवल गिरकर आधी रात को 43 और देर रात तीन बजे 36 रह गया। जिसके बाद एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती करने की सलाह दी।’’ आतिशी ने राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर 21 जून को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी। 

हरियाणा सरकार पर लगाया था आरोप

दिल्ली सरकार द्वारा आरोप लगाया गया था कि हरियाणा सरकार 110 एमजीडी कम दे रहा है। जिसके कारण राजधानी में जल संकट पैदा हो गया है। इस वजह से दिल्ली के लगभग 28 लाख लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। दिल्ली सरकार का कहना है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को पत्र लिखने के बाद भी दिल्ली को पानी नहीं मिला।

टीएमसी सांसदों ने किया था समर्थन

सोमवार को टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, सागरिका घोष और प्रतिभा मंडल, पंजाब के आप सांसद डॉ. राजकुमार अनशन स्थल पर पहुंच कर आतिशी का समर्थन किया था। दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने सोमवार को प्रधानमंत्री को भी जल संकट दूर करने के लिए पत्र लिखा था।

PTC NETWORK
© 2024 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network