Wednesday 3rd of July 2024

LK Advani Health Update: लाल कृष्ण आडवाणी को दिल्ली के एम्स अस्पताल से मिली छुट्टी, हालत स्थिर

Reported by: PTC News उत्तर प्रदेश Desk  |  Edited by: Deepak Kumar  |  June 27th 2024 04:47 PM  |  Updated: June 27th 2024 05:00 PM

LK Advani Health Update: लाल कृष्ण आडवाणी को दिल्ली के एम्स अस्पताल से मिली छुट्टी, हालत स्थिर

ब्यूरोः भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लाल कृष्ण आडवाणी को दिल्ली के एम्स अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। बता दें बीती देर रात आडवाणी की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एम्स के यूरोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया था। गुरुवार को लाल कृष्ण आडवाणी एम्स के प्राइवेट वार्ड से अपने सरकारी आवास पहुंचे।

जानकारी के अनुसार 96 वर्षीय पूर्व उप प्रधानमंत्री को बुधवार रात करीब 10.30 बजे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के पुराने प्राइवेट वार्ड में भर्ती कराया गया। सूत्रों के मुताबिक लालकृष्ण आडवाणी की हालत स्थिर है। यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और जेरिएट्रिक मेडिसिन के विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी देखभाल कर रही थी। बता दें बढ़ती उम्र से जुड़ी समस्याओं के चलते आडवाणी को भर्ती कराया गया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को एम्स के निदेशक एम श्रीनिवास को फोन कर आडवाणी के स्वास्थ्य की जानकारी ली।  

कराची में जन्मे थे लाल कृष्ण आडवाणी

आडवाणी को हाल ही में नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान- भारत रत्न से सम्मानित किया था। 8 नवंबर 1927 को कराची (वर्तमान पाकिस्तान) में जन्मे लाल कृष्ण आडवाणी 1942 में स्वयंसेवक के रूप में आरएसएस में शामिल हुए। उन्होंने 1986 से 1990 तक, फिर 1993 से 1998 तक और 2004 से 2005 तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वहीं, लगभग तीन दशक के संसदीय करियर में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी पहले गृह मंत्री रहे और बाद में 1999 से 2004 तक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के मंत्रिमंडल में उप प्रधानमंत्री रहे।

PTC NETWORK
© 2024 PTC News Uttar Pradesh. All Rights Reserved.
Powered by PTC Network